सीकर जिले के कई इलाकों में आज सुबह बारिश हुई। लगातार डेढ़ सप्ताह तक तेज गर्मी के कारण बने निम्न वायुदाब के कारण पिछले 3 दिन से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश की वजह से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप खिलने लगी है। सीकर में शुक्रवार रात से ही कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश का दौर चला। फतेहपुर में पिछले 24 घंटे में 5.2 MM बारिश दर्ज की गई है। अभी आसमान में बादल छाए हैं। सीकर में 6 मई तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बात करें तो सीकर के तापमान की तो आज न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई है। सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री दर्ज किया गया था। आज सुबह से तेज धूप निकली हुई है, साथ ही हवाएं भी चल रही हैं। अगले एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। लगातार तेज गर्मी के कारण निम्न वायुदाब बनने से पिछले 2 दिन से आंधी-बारिश का मौसम बना हुआ है। बारिश की वजह से आज सुबह तापमान में गिरावट रही। सीकर में अगले एक सप्ताह तक बादलों की आवाजाही रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूरे उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में एक सप्ताह नए वेदर सिस्टम का असर रहेगा। 5 मई तक धूल भरी आंधियां चलने और बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
