गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती यात्री भीड़ और NEET परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा चलाई जा रही सूबेदारगंज-खातीपुरा त्रि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का ठहराव दौसा में भी रहेगा। वहीं NEET परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जयपुर-अलवर स्पेशल ट्रेन भी दौसा होकर संचालित होगी। सूबेदारगंज-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन: दौसा में ठहराव मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04129 सूबेदारगंज-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन 3 मई से 7 जून 2026 तक (कुल 16 ट्रिप) प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04130 खातीपुरा-सूबेदारगंज स्पेशल 4 मई से 8 जून 2026 तक (16 ट्रिप) प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी शामिल हैं। NEET परीक्षार्थियों के लिए दौसा से सीधी सुविधा NEET परीक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाई है, जिससे दौसा के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। गाड़ी संख्या 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 3 मई 2026 (रविवार) को जयपुर जंक्शन से शाम 7:10 बजे रवाना होगी। इन स्टेशनों पर रुकेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें कुल 12 डिब्बे होंगे, जिनमें 10 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
