उदयपुर के सबसिटी सेंटर इलाके में बदमाशों ने पेट्रोल डालकर पटाखों की दुकान में आग लगा दी। लपटें उठते ही आरोपी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना रविवार रात करीब 8:40 बजे की है। आग धीरे-धीरे दुकान के काउंटर की तरफ बढ़ने लगी। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। दुकान मालिक वहां पहुंचा और पड़ोसियों की मदद से पानी व अन्य साधनों से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग दुकान के भीतर पटाखों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दुकान मालिक लोकेश लालवानी ने बताया- दुकान में 50 लाख रुपए से ज्यादा के पटाखे भरे हुए थे। इस बाजार में पटाखों की एक दर्जन से ज्यादा दुकान और गोदाम हैं। मामले में दुकान मालिक ने हिरणमगरी थाने में रिपोर्ट दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… पेट्रोल छिड़का, फिर लगा दी आग दुकान मालिक लोकेश लालवानी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में उमेश कनारिया दो साथियों के साथ बाइक से दुकान के बाहर आता दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी केन है। वह दुकान के शटर और बाहर के हिस्से पर पेट्रोल छिड़कता है और फिर माचिस की तीली जलाकर आग लगा देता है। इसके बाद आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो जाते हैं। आपसी रंजिश के कारण लगाई आग दुकान मालिक लोकेश लालवानी ने बताया कि मेरी दुकान के पास ही एक खाली भूखंड है, जहां पिछले कुछ समय से शराबियों का अड्डा बना हुआ है। करीब चार महीने पहले इस इलाके में शराब की नई दुकान खुली है, जिससे यहां दिन-रात शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। ये लोग रात भर हुड़दंग करते हैं। वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशान करते हैं। मैंने कई बार उन्हें वहां बैठने और शोर-शराबा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर बदमाश उमेश कनारिया मुझसे चिढ़ने लगा और रंजिश पाल ली थी। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हमने दर्जनों बार पुलिस को इन शराबियों की शिकायत की है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने मांग की है कि ऐसे बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी कोई गंभीर घटना दोबारा न हो सके। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस हिरणमगरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिए हैं। थानाधिकारी रवीन्द्र चारण ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की है। उनकी तलाश की जा रही है।
