नागौर जिले के रियां बड़ी उपखंड के देवरिया जाटान गांव में रविवार को 20 साल के सचिन सिंह का शव झाड़ियों में पेड़ पर लटका मिला। शनिवार शाम घर से निकले युवक की सुबह गुमशुदगी दर्ज हुई थी। शव मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए उसे नीचे उतारने से इनकार कर दिया और लूणी नदी किनारे बर्फ पर रखकर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर जांच शुरू कर दी है। लापता होने के बाद झाड़ियों में मिला शव मृतक के चाचा प्रताप सिंह के अनुसार सचिन शनिवार को करीब 3 बजे ट्रैक्टर से बाहर गया था। इसी दौरान उसे फोन आया, जिसके बाद वह घर लौटकर फिर निकल गया। शाम करीब 4 बजे घर से जाने के बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर तलाश की और रविवार सुबह 10 बजे जसनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। कुछ देर बाद गांव के पास झाड़ियों में उसका शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका शव मिलने के बाद पहुंचे परिजनों ने इसे हत्या बताया। प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सचिन की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या जैसा दिखाया गया है। परिजनों ने मौके पर एफएसएल टीम बुलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शव बर्फ पर रखकर धरना, रातभर बैठे रहे परिजनों ने शव को अस्पताल ले जाने से इनकार कर दिया। वे लूणी नदी के पास घटनास्थल पर ही शव को बर्फ पर रखकर धरने पर बैठ गए। रातभर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर डटे रहे और प्रदर्शन जारी रखा। मौके पर मेड़ता सिटी वृत्ताधिकारी रामकरण सिंह मलिंडा, जसनगर थानाधिकारी छीतरमल और उप निरीक्षक राजमल सहित पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। परिजनों और प्रशासन के बीच दो बार वार्ता हुई, लेकिन निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग पर सहमति नहीं बन सकी। एफएसएल जांच, रिपोर्ट के बाद खुलासा पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल मौके पर प्रदर्शन जारी है और पुलिस जांच कर रही है। 10 साल पहले हो गया था पिता का निधन जानकारी के अनुसार सचिन के पिता का निधन 10 साल पहले हार्ट अटैक से हो गया था। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। सचिन खेती के साथ ट्रैक्टर चलाने का काम करता था।। मृतक के चाचा प्रताप सिंह का कहना है कि जब तक मामले का खुलासा नहीं हो जाता हम यहीं धरने पर बैठे हैं। अब तक प्रशासन की तरफ से कोई अधिकारी नहीं आया है केवल पुलिस ही मौक़े पर है।
