अलवर के सेंट्रल जेल में एक बार फिर मोबाइल बरामद किया गया है। इस बार मल्टी विटामिन के डिब्बे के अंदर 7 मोबाइल और एक डाटा केबल मिली। मोबाइल में सिम नहीं थी। मोबाइल 2 मई की रात जेल के हल्का नंबर-2 में स्टाफ टॉयलेट के पास जुराब में छिपाकर एक पैकेट के अंदर फेंके गए थे। मामले की सूचना पर जेल प्रशासन मौके पर पहुंचा और पूरी कार्रवाई का वीडियो बनाकर सामग्री को जब्त कर सीलबंद किया। इसके बाद कोतवाली थाने में कारागृह अधिनियम की धारा 42 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पहले भी ऐसा मामला आया सामने पिछले कुछ महीनों में इसी तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां जेल परिसर में बाहर से पैकेट फेंककर मोबाइल पहुंचाए गए है। हर बार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि इन मोबाइलों को जेल के अंदर पहुंचाने वाले लोग कौन हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि इतनी कड़ी निगरानी के बावजूद आखिर कैसे कोई बाहरी व्यक्ति जेल के अंदर तक पैकेट फेंकने में सफल हो रहा है। फिलहाल पुलिस जांच का दावा कर रही है, लेकिन सप्लायरों तक न पहुंच पाना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
