श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में राजस्थान बार काउंसिल (BCR) के चुनाव के लिए आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। वोटिंग प्रक्रिया बार संघ कार्यालय में आयोजित की जा रही है। निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन अलर्ट, SDM को बनाया गया पर्यवेक्षक चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उपखंड अधिकारी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। 22 अप्रैल को मतपत्र साइन विवाद के बाद रद्द हुआ था मतदान इससे पहले 22 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान मतपत्रों पर साइन करवाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। आरोपों के बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि चुनाव प्रक्रिया को बीच में ही निरस्त करना पड़ा था। अब प्रशासन के निर्देश पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। मतदाताओं ने लगाए जबरन साइन करवाने के आरोप मतदान के दौरान कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया था कि चुनाव अधिकारियों द्वारा नियमों के खिलाफ जाकर मतपत्रों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए। जबकि मतदाताओं का कहना था कि दिशा-निर्देशों के अनुसार मतपत्र पर साइन नहीं होना चाहिए था, इसके बावजूद साइन करवाए गए। विवाद के बाद दोबारा मतदान की मांग, प्रशासन ने प्रक्रिया स्थगित की थी विवाद बढ़ने के बाद कुछ मतदाताओं ने मतदान रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया था। अब उसी मामले में दोबारा मतदान कराया जा रहा है।
