जोधपुर ट्रैफिक पुलिस अब मोबाइल ई-चालान प्रणाली के जरिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। रोजाना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले सैंकड़ों लोगों को उनके मोबाइल पर चालान भेजे जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात कर्मियों को कैमरा युक्त मशीनें उपलब्ध करवाई हैं। इन मशीनों की मदद से तेज गति से वाहन चलाने और बिना हेलमेट के सफर करने वाले चालकों के ऑटोमैटिक चालान जनरेट हो रहे हैं। ट्रैफिक पुलिसकर्मी किशनाराम ने बताया कि इस तकनीक से काम करने में काफी सुविधा हुई है। पहले चालान बनाने के लिए वाहन चालकों को रोकना पड़ता था, लेकिन अब तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों का चालान ऑटोमैटिक ही दर्ज हो जाता है। इससे समय की बचत के साथ-साथ कार्रवाई ज्यादा प्रभावी हुई है। उन्होंने बताया कि रोजाना करीब 100 चालान इस मशीन के जरिए किए जा रहे हैं।
पहले जहां इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए चालान बनाए जाते थे, वहीं अब उनकी जगह मोबाइल आधारित इंटरसेप्टर मशीनों ने ले ली है। बता दें कि देश में हर साल लाखों लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो जाती हैं। इन हादसों को रोकने ओर लोगों को ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है। जोधपुर में पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के निर्देशन में, डीसीपी ट्रैफिक शाहीन सी और एडीसीपी शालिनी राज के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस सख्ती से नियमों का पालन करवा रही है, ताकि वाहन चालकों में जागरूकता बढ़े और सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।
