अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर 5 में सोमवार सुबह बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। काफी देर तक खंभे पर लगे तार जलते रहे और इस दौरान तारों में करंट भी आता रहा। सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद दमकल को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा- बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह आग लगी। सूचना देने के काफी देर बाद भी कोई बिजलीकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं विभाग की इस उदासीनता के कारण लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों ने चेतावनी दी है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है; इस बार समय रहते आग बुझा ली गई, वरना गंभीर जनहानि भी हो सकती थी। यहां के निवासी रामेश्वर दयाल ने बताया कि खंभे पर आए दिन स्पार्किंग होती रहती है, जिसकी शिकायत भी की जा चुकी है। उन्होंने चिंता जताई कि आसपास आवारा पशु भी घूमते हैं, जो कभी भी करंट की चपेट में आ सकते हैं। किसी दिन तार टूटने से बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है, इसलिए यहां के ढीले और जर्जर तारों को तुरंत दुरुस्त करने की जरूरत है।
