डीडवाना के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बाल विवाह और घरेलू हिंसा के खिलाफ विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का मुख्य विषय “बाल विवाह और घरेलू हिंसा रोकें, बच्चों के बचपन और भविष्य की रक्षा करें” रहा। शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल विकास टोलिया, डिप्टी चीफ हरफूल राव और सहायक फिरोज खान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। वक्ताओं ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल विवाह को एक गंभीर सामाजिक बुराई और कानूनी अपराध बताया। उन्होंने इसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह से बच्चों का बचपन और उज्ज्वल भविष्य प्रभावित होता है। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि वे ऐसी परिस्थितियों में किस प्रकार विधिक सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल श्रवण राम मंडा, मुंशी खान, व्याख्याता बृजेश, रामेश्वर लाल, दामोदर प्रसाद शर्मा और महेंद्र सिंह सुपका सहित समस्त शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रही।
