मानसरोवर इलाके में तेज रफ्तार ब्लेक थार कार की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा विजय पथ स्थित एसबीआई बैंक के सामने हुआ, जहां तेज गति से आ रही कार ने एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (UP 16 CH 1503) ने एक्टिवा (RJ14 HS 0536) पर जा रही नेहा श्रीवास्तव (35) को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कुछ दूरी तक वाहन के साथ घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के समय मौके पर मौजूद परिजनों ने तुरंत महिला को वाहन के नीचे से निकालकर साकेत अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दोपहर करीब 1 बजे भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा है। महिला के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। शिप्रापथ थानाप्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि विजय पथ स्थित एसबीआई बैंक के सामने ब्लेक थार ने एक्टिवा सवार को तेज रफ्तार के कारण कुचल दिया। थार ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। गाड़ी के पहले भी ओवर स्पीड के चालान है। मामले में थार गाड़ी के नम्बरों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है।
