कोटपूतली के राजकीय एलबीएस पीजी कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं बीएफएसआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की लास्ट डेट शुक्रवार 15 मई निर्धारित की गई है। अंतिम वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन बुधवार 20 मई को किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन तथा ई-मित्र पर शुल्क जमा करने की लास्ट डेट सोमवार 25 मई है। प्रवेशित छात्रों की प्रथम सूची का प्रकाशन बुधवार 27 मई को होगा। प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सेमिनार, वाद-विवाद, एनएसएस, एनसीसी एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। नोडल अधिकारी डॉ.देशराज यादव ने प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में बताया कि संपूर्ण आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा तथा ई-मित्र के माध्यम से शुल्क जमा कराना अनिवार्य होगा। कॉलेज में राज्य सरकार की एईडीपी योजना के अंतर्गत संचालित बीएफएसआई स्नातक कार्यक्रम भी उपलब्ध है। ये कोर्स पूर्णतः रोजगारपरक है, जिसमें छात्रों को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी दी जाती है। कार्यक्रम के अंतिम वर्ष में इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य अनुभव के साथ-साथ स्थाई प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी समय पर ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
