बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने मंगलवार को मृत बालिका रिंकू भील के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रिंकू के माता-पिता को ढाढस बंधाया और पूरी घटना की जानकारी ली। इस दौरान विधायक शर्मा ने परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए सुदामा सेवा संस्थान की ओर से 5 हजार रुपए नकद और 50 किलो गेहूं की आर्थिक सहायता प्रदान की। शर्मा ने आवारा कुत्तों द्वारा बच्ची पर हमला कर उसे मार डालने की घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बरूधन मॉडल विद्यालय में तृप्ति सेन के साथ हुई घटना के बाद भी आज तक राज्य सरकार से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है। विधायक ने प्रशासन से बूंदी जिले में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों और सांडों की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की, जिसे उन्होंने चिंता का विषय बताया। विधायक शर्मा ने जिला कलेक्टर से दूरभाष पर बात कर मुख्यमंत्री सहायता कोष से शीघ्र 5 लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। जिला कलेक्टर ने शर्मा को आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी। शर्मा ने परिजनों को खाद्य सुरक्षा योजना के माध्यम से भी लाभ दिलवाने की बात कही। इस दौरान विधायक शर्मा के साथ रवि गुप्ता, रामनिवास सुमन, परशुराम लोदा, सरपंच पुरुषोत्तम सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और परिजन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर बरूधन मॉडल विद्यालय की 7 वर्षीय बालिका रिंकू भील पर आवारा कुत्तों के प्राणघातक हमले और उसकी मृत्यु की घटना पर शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
