अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र से चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात की। चोर घर से 1 लाख रुपए के जेवर और 1 लाख से ज्यादा की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने मालवीय नगर के पास श्याम नगर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान मालिक वेद प्रकाश मीणा ने बताया कि वह परिवार सहित अपने गांव सवामणी में गए हुए थे। पीछे से चोरों ने घर के ताले तोड़ कर वारदात की। घटना की सूचना आज सुबह घर के सामने स्थिति निजी स्कूल संचालक ने दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के ताले टूटे हुए थे। चोर चांदी की पाजेब, कमरबंद और कानों की बालियां सहित नकदी लेकर फरार हो गए। नकदी में 10, 50 और 500 रुपए के नोट शामिल थे। इतना ही नहीं, चोरों ने मकान के पीछे रहने वाले किरायेदार के घर को भी निशाना बनाया। वहां भी ताले टूटे मिले हैं, हालांकि किरायेदार के नुकसान का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक बाहर निगरानी करता नजर आ रहा है, जबकि दो युवक घर के अंदर घुसकर कुछ देर बाद बैग में सामान लेकर निकलते दिखे। पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
