सपोटरा में भीषण गर्मी से पक्षियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को परिंडे अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष अलका मीना के नेतृत्व में कुशाल सिंह बाबा मंदिर परिसर में शुरू हुआ, जहां पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अलका मीना ने पीपल के पेड़ पर परिंडा लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण प्राकृतिक जल स्रोत सूख जाते हैं, जिससे पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। ऐसे समय में परिंडे लगाना एक महत्वपूर्ण कार्य है। मीना ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के बाहर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करें। उन्होंने जोर दिया कि यह अभियान केवल पक्षियों की प्यास बुझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना भी है। अभियान में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और बेजुबान पक्षियों की सेवा का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों की रक्षा का प्रण लिया। इस अवसर पर प्रहलाद दास महाराज, हरिदास महाराज, पूर्व सरपंच महेश शर्मा, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष साजन शर्मा, कैलाशी देवी, बर्फी देवी, जितेंद्र मीणा, धीरज मीणा, भरती माधोराजपुरा, प्रेमराज झोपड़ी, धीर सिंह मीणा, हनुमान माधोराजपुरा, बाबू चौधरी, गफूर खान, जतीराम सैनी, पप्पू झोपड़ी और राजू खूबपुरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
