बांसवाड़ा में एक बाइक सवार युवक खाई में गिर गया। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। मामला जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र के खेड़ा वड़लीपाड़ा गांव में सोमवार देर रात का है। हादसे के बाद युवक को हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन, बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मोड़ पर हुआ हादसा, ग्रामीणों ने निकाला बाहर आंबापुरा थाने के कॉन्स्टेबल सुरेश ने बताया- दिलीप पुत्र विठला निवासी भूतपाड़ा के रूप में हुई है। देर रात को युवक अपनी बाइक से घर जा रहा था, तभी खेड़ा वड़लीपाड़ा के पास खतरनाक घुमावदार मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे खाई में जा गिरी। आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को खाई से बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। घायल दिलीप को गंभीर अवस्था में एंबुलेंस की मदद से एमजी हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था। लेकिन, चोटें इतनी गहरी थी कि उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर आंबापुरा थाने के कॉन्स्टेबल सुरेश मौके पर पहुंचे और शव को बांसवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। थानाधिकारी बोले: घुमावदार मोड़ है जानलेवा इस घटना को लेकर आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां गहरा घुमावदार मोड़ है। इस ब्लैक स्पॉट पर पहले भी 4-5 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। थानाअधिकारी ने बताया कि पहले ये सामने आया था कि किसी गाड़ी की टक्कर से ये हादसा हुआ है। लेकिन, प्रारंभिक जांच की तो सामने आया कि बाइक सवार की गलती और बैलेंस बिगड़ने से ये हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारण की जांच की जा रही है। मंगलवार दोपहर को पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
