भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ का मामला सामने आया है। सोमवार रात पाकिस्तान का एक युवक सरूपे का तला इलाके में अशोका पोस्ट के पास से भारतीय सीमा में घुस आया, जिसे बीएसएफ ने करीब 8 किलोमीटर अंदर से पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद बीएसएफ ने आरोपी को धनाऊ थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने संदिग्ध पदार्थ की आशंका के चलते करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, हालांकि कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। अशोका पोस्ट के पास से सीमा में घुसा पाक नागरिक चौहटन डीएसपी जेठाराम ने बताया- बीएसएफ ने पाक नागरिक सुपुर्द किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। विभिन्न सुरक्षा एजेसियां पूछताछ करेगी। डीएसपी के अनुसार पाकिस्तान निवासी आवेश पुत्र हजूर खान सोमवार रात सरूपे का तला इलाके स्थित अशोका पोस्ट के पास से भारतीय सीमा में घुस गया था। बीएसएफ को इसकी भनक लगते ही कार्रवाई शुरू की गई। 8 किलोमीटर अंदर से पकड़ा गया बीएसएफ ने पाक नागरिक को भारतीय सीमा के करीब 8 किलोमीटर अंदर से पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे धनाऊ थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने 10 किलोमीटर तक चलाया सर्च अभियान सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में सघन तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। पाक नागरिक के पास किसी पदार्थ के होने की आशंका के चलते पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। JIC में होगी पूछताछ मामले में संयुक्त पूछताछ के लिए JIC यानी ज्वाइंट इंटरोगेशन की प्रक्रिया भी की जा रही है। बीएसएफ और पुलिस दोनों एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। एक माह पहले भी मिली थी हेरोइन एक माह पहले ही सीमा पार से आई हेरोइन की खेप पुलिस ने बरामद की थी। इसके बाद से सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है।
