धौलपुर शहर की निहालगंज थाना क्षेत्र स्थित मायावती कॉलोनी में तड़के करीब 3 बजे एक घर में डकैती की वारदात हुई। आठ बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और हथियारों के दम पर करीब 65 हजार रुपए नकद व लाखों के जेवर लूट लिए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पति, पत्नी और मां को बंधक बनाकर की डकैती
पीड़ित दीपक पुत्र लालसिंह ने बताया कि बदमाशों ने अवैध कट्टा तानकर उसे, उनकी पत्नी और मां को बंधक बना लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। बदमाशों ने घर से 50 हजार रुपए नकद, गुल्लक में रखे 15 हजार रुपए और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लूट लिए। चोरी हुए जेवरों में गले का हार, चूड़ियां और झुमके शामिल हैं, जो हाल ही में हुई शादी के लिए घर में रखे गए थे। वारदात के बाद लोगों में दहशत
इस सनसनीखेज वारदात के बाद आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर दो-तीन दिन में हो रही ऐसी वारदातों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
धौलपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। शहरवासी पुलिस से इन बेखौफ बदमाशों पर जल्द से जल्द लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं।
