बाड़मेर जिले की सेड़वा और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खेत में छुपाए 38.7 किलो डोडा-पोस्त जब्त किए है। वहीं आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए। टीमें आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। एसपी चूनाराम जाट ने बताया- पुलिस मुख्यालय व आईजी जोधपुर के निर्देशानुसार बाड़मेर पुलिस की ओर से नशा मुक्त बाड़मेर के तहत अभियान चलाया जा रहा है। मादक-पदार्थ तस्करी की रोकथाम एवं वांटेड आरोपियों को पकड़ने के लिए एएसपी नितेश आर्य, चौहटन डीएसपी जेठाराम के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी आदेश कुमार और सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में टीमें बनाई गई। पुलिस ने स्पेशल टीम की सूचना पर सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम मय डीएसटी टीम ने गांव सियोलों का डेर में घेराबंदी करके पूनमाराम पुत्र भारताराम के घर पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान खेत में छुपाकर रखे अवैध डोडा-पोस्त 38 किलो 730 ग्राम डोडा-पोस्ट बरामद किया गया। वहीं पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को डिटेन किया गया है। सेड़वा पुलिस ने पुनमाराम पुत्र भारताराम के खिलाफ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। कार्रवाई में कांस्टेबल गंगाराम, दिनेश कुमार, जुंजाराम, आंबाराम और डीएसटी टीम के हैड कांस्टेबल प्रेमाराम, दिनेश, हरलाल, नींबसिंह, नखतसिंह, आईदानसिंह, रामस्वरूप, कमांडो संदीप और स्वरूपसिंह शामिल रहे।
