बांसवाड़ा के कुशलगढ़ कस्बे में रतलाम रोड स्थित एक सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर 81 किलो चांदी के जेवर, 232 ग्राम सोने के आभूषण और करीब ढाई लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब दो करोड़ रुपए से अधिक है। वारदात के समय मकान मालिक जितेंद्र कुमार दोसी परिवार सहित उज्जैन के बड़नगर में रिश्तेदारी के विवाह कार्यक्रम में गए हुए थे। चोरी की पूरी घटना पास की मोबाइल दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। शादी में गए परिवार के दौरान हुई वारदात जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक जितेंद्र कुमार दोसी 4 मई को परिवार सहित उज्जैन के बड़नगर में एक रिश्तेदार के विवाह कार्यक्रम में गए थे। इसी का फायदा उठाकर 6 मई की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखी अलमारियों और तिजोरियों के ताले तोड़कर वहां रखे लगभग 81 किलो चांदी के आभूषण, 232 ग्राम सोने के जेवर और 2.5 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। करीब दो करोड़ रुपए का सामान चोरी पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब दो करोड़ रुपए से अधिक है। चोर चोरी का सामान कट्टों में भरकर अपने साथ ले गए। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना वारदात की पूरी घटना पास स्थित मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में चोर चोरी का सामान कट्टों में भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पड़ोसियों ने दी सूचना, पुलिस पहुंची मौके पर सुबह पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देखे और इसकी सूचना मकान मालिक को दी। सूचना मिलने पर पीड़ित मौके पर पहुंचा तो घर का सामान बिखरा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कुशलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। फुटेज के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस कुशलगढ़ थाने के एएसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
