उत्तर पश्चिम रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों से ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि बढ़ती भीड़ के बीच साफ-सफाई बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि रेल प्रशासन ने अपने स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रखी हैं, लेकिन स्वच्छता मिशन को सफल बनाने के लिए यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अप्रैल महीने में ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने के ढाई हजार से अधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए 2.91 लाख रुपए की वसूली की गई। 100 से 500 रुपए तक जुर्माने का प्रावधान रेलवे के अनुसार गंदगी फैलाने पर 100 से 500 रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके। नियमों के पालन से सफर बनाएं सुखद कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। ट्रेनों व प्लेटफॉर्म को गंदा न करें। धूम्रपान व गंदगी फैलाने से बचें और नियमों का पालन कर दूसरों के लिए भी सफर सुखद बनाएं।
