चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम ऑस्ट्रेलियाई लीग बिग बैश के ओपनिंग मैच की मेजबानी कर सकता है। यह मैच दिसंबर में खेला जा सकता है, हालांकि इसकी घोषणा अब तक नहीं हुई है। PTI के अनुसार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के 5 अधिकारियों के एक डेलिगेशन ने सोमवार को स्टेडियम का दौरा किया। उसने BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों से मुलाकात की। हालांकि, CA के प्रतिनिधि ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करने से इनकार किया। लेकिन, भारतीय बोर्ड से बातचीत चलने की बात मानी। उसने कहा, ‘हम अभी किसी बात की पुष्टि नहीं कर सकते। ऑस्ट्रेलियाई सरकार के साथ साझेदारी में हम चेन्नई की संभावनाओं को तलाश रहे हैं, ताकि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत किया जा सके। अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। हम BCCI में अपने साथियों के साथ बारीकी से काम कर रहे हैं।’ चेन्नई-हैदराबाद मैच में भी मौजूद रहे अधिकारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के दौरान भी स्टेडियम में मौजूद रहे। यह मैच हैदराबाद ने 5 विकेट से जीता। भारत में पहले भी हो चुके हैं प्रमोशनल मैच यह पहला मौका नहीं है, जब किसी विदेशी लीग के मैच भारत में हो रहे हैं। भारतीय मैदान NBA, इंग्लिश प्रीमियर लीग और ला लिगा के मैच होस्ट कर चुके हैं। भारतीय क्रिकेट बाजार पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नजर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के 2 अधिकारियों ने फरवरी में भी चेन्नई के मैदान का निरीक्षण किया था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया मैच के जरिए भारत के बड़े क्रिकेट बाजार में संभावनाएं तलाश रहा है। भारत में क्रिकेट का सबसे बड़ा फैन बेस है। ——————————————– लीग क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… हैदराबाद प्लेऑफ में पहुंची, चेन्नई को 5 विकेट से हराया चेपॉक में सोमवार को खेले गए IPL 2026 के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। पढ़ें पूरी खबर
