पाली शहर में पेट्रोल पम्प पर ड्रम में डीजल भरने को लेकर हुए विवाद के बाद पेट्रोल पम्प संचालक हड़ताल पर रहे। मंगलवार सुबह शहर के अधिकतर पेट्रोल पम्प बंद रहे। जिला कलेक्टर और डीएसओ से बातचीत के बाद करीब 13 घंटे बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई। संचालकों की मांग थी कि तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। हालांकि घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मंगलवार सुबह दो और आरोपियों को पकड़ा गया है। हड़ताल के दौरान आमजन को पेट्रोल-डीजल के लिए काफी परेशान होना पड़ा। मंगलवार सुबह पेट्रोल नहीं मिलने से परेशान लोगों ने सूरजपोल स्थित पेट्रोल पम्प के सामने सड़क पर बाइकें खड़ी कर जाम लगा दिया। इस दौरान समझाइश कर यातायात को शुरू करवाया गया। लोगों ने कहा कि गाड़ी में पेट्रोल ही नहीं है तो आना-जाना कैसे होगा, ऑफिस भी दूर है। किसी एक पेट्रोल पम्प की छोटी-मोटी घटना के चलते पूरे शहर के पम्प बंद करना गलत है, प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। —- पेट्रोल से जड़ी ये खबर भी पढ़ें … ड्रम में डीजल नहीं दिया तो पेट्रोल-पंप पर की तोड़फोड़:संचालक-स्टाफ से धक्का-मुक्की की; विरोध में पाली शहर के सभी पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल पर पाली में एक पेट्रोल पंप पर सोमवार रात को ड्रम में डीजल भरने से मना करने पर विवाद हो गया। पंप संचालक और स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की की। पूरी खबर पढ़िए
