भरतपुर में गुटखे (पान मसाला) के विवाद पर बदमाशों ने दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। एक युवक खेत से घर लौट रहा था, जिसके सीने में गोली लगी है। जिसका इलाज आरबीएम अस्पताल में जारी है। दूसरे व्यक्ति के पैर में छर्रे लगे हैं और उसका इलाज बयाना हॉस्पिटल में चल रहा है। मामला बयाना थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। भरतपुर सदर थाना अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया – बयाना के अड्डा गांव में भाग सिंह की परचून की दुकान पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस दौरान दुकान मालिक भाग सिंह का रिश्तेदार दीपक निवासी अड्डा गांव छर्रे लगने से घायल हो गया। वहीं खेत से घर लौट रहे लाखन (28) निवासी अड्डा के सीने में गोली लग गई। दोनों घायलों को बयाना अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर घायल लाखन को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुटखे को लेकर हुआ था विवाद घायल लाखन के भाई मुकेश ने बताया – परचून की दुकान के पास ही धनीराम का शराब का ठेका है। रात करीब 10 बजे धनीराम अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर भाग सिंह की दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि बदमाश हथियारों से लैस थे और पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। गुटखे को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान खेत से घर लौट रहे लाखन भी फायरिंग की चपेट में आ गए और उनके सीने में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद धनीराम और उसके साथी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायलों को पहुंचाया हॉस्पिटल घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल लाखन को पहले बयाना अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात में ही मुकेश ने बयाना सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
