धौलपुर जिले में बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर चलने वाले वाहनों के खिलाफ अब परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। ऐसे वाहनों को जब्त करने के साथ-साथ उनकी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। यह महत्वपूर्ण निर्णय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत गठित केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति के सदस्य चंद्र प्रकाश गोयल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में लिया गया। इस बैठक में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान परिवहन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अवैध खनन में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी, लोडर, डंपर, टिप ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों की सघन जांच की जाए। यदि कोई वाहन बिना नंबर, बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट में छेड़छाड़ के साथ पाया जाता है, तो उसे तत्काल जब्त कर उसकी आरसी निलंबित की जाए। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि इन आदेशों के पालन में जिलेभर में उड़नदस्तों को सक्रिय कर दिया गया है। ये टीमें सड़कों पर संदिग्ध वाहनों की जांच करेंगी और मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। इसके साथ ही, ऐसे वाहनों के आरसी निलंबन की प्रक्रिया कार्यालय स्तर पर भी शुरू कर दी गई है। इस बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी., जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला परिवहन अधिकारी, डीएफओ और खनन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि इस सख्ती से अवैध खनन गतिविधियों और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकेगा।
