डीग, मेवात क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए डीग पुलिस ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरण कांबले के नेतृत्व में, पुलिस की विभिन्न टीमों ने नशे के ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया है। पिछले एक महीने से जारी इस कार्रवाई ने नशा तस्करों में हड़कंप मचा दिया है। इस विशेष अभियान के तहत, पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली दवाएं, गांजा और अवैध हथकढ़ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके पर ही शराब बनाने वाली भट्टियों को नष्ट कर इस अवैध धंधे की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह बाधित कर दिया है। एनडीटीवी संवाददाता अकरम खान से बातचीत में एसपी शरण कांबले ने बताया कि विभाग अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं होगी, बल्कि नए कानूनों के तहत अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को भी जब्त किया जाएगा। पुलिस अपराधियों की अवैध कमाई पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए उनकी वित्तीय जानकारी जुटा रही है। एसपी कांबले ने आगे बताया कि नशे के साथ-साथ पुलिस का अगला प्रमुख लक्ष्य साइबर अपराध है। उन्होंने कहा कि नशे और साइबर ठगी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाकर आमजन में विश्वास पैदा करना और अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है।
