जोधपुर कमिश्नरेट में विवाहिताओं और युवतियों के लापता होने के कई मामले सामने आए हैं। इस संबंध में उनके परिजनों ने अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रताप नगर सदर थाने में इलाके के एक व्यक्ति ने रिपोर्ट देकर बताया कि गुरुवार को उसकी 23 वर्षीय बेटी मेहंदी लगवाने की बात कह कर घर से निकली थी जो वापस नहीं लौटी। इसके बारे में आस पड़ोस और रिश्तेदारी में भी पता किया लेकिन कोई सुराग नहीं चल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सब इंस्पेक्टर देवाराम को सौंपी है। दूसरा मामला भगत की कोठी थाने का है। इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 32 वर्षीय पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। खोजबीन करने पर भी उसका पता नहीं लग पाया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक तेजाराम को सौंपी है। बच्चों सहित दो विवाहिता लापता तीसरा मामला राजीव गांधी नगर थाने में सामने आया है। थाना इलाके के रहने वाले एक व्यक्ति ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी और उसके भाई की पत्नी गुरुवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई। दोनों अपने साथ तीन-तीन महीने के बेटों को भी ले गई। इसके बारे में आस पड़ोस और रिश्तेदारी में भी पता किया लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक रामनारायण को सौंपी है। ये सभी मामले कल दर्ज हुए हैं।
