शनिवार सुबह कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। दिन की शुरुआत ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के साथ हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से तेज गर्मी और उमस से परेशान लोग सुबह के बदले मौसम का आनंद लेते नजर आए। पश्चिमी विक्षोभ का असर, 48 घंटे का अलर्ट जारी जयपुर मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को देखते हुए अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। विशेष रूप से जयपुर, भरतपुर संभाग और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है। कुछ इलाकों में हीटवेव का असर जारी रह सकता है मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर बना रह सकता है। वहां कुछ क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति जारी रहने की संभावना है। हालांकि कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में मौसम फिलहाल राहत देने वाला बना हुआ है। वन्य जीव गणना पर पड़ सकता है असर कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में शुक्रवार रात 8 बजे से शनिवार शाम 8 बजे तक वन्य जीव गणना का कार्य जारी है। ऐसे में यदि क्षेत्र में तेज बारिश होती है तो यह गणना प्रभावित हो सकती है। बारिश और मौसम में बदलाव के कारण वन्यजीवों की गतिविधियों में भी परिवर्तन संभव माना जा रहा है। किसानों के लिए राहत भरी खबर कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश खेतों में खड़ी गर्मी से प्रभावित फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। लंबे समय से तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण फसलों पर असर पड़ रहा था। ऐसे में यह बारिश फसलों के लिए राहत और जीवनदान जैसी साबित हो सकती है। सुबह के समय ठंडी हवाओं और बूंदाबांदी के कारण लोग घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते दिखे। बाजारों और सड़कों पर भी मौसम का असर साफ नजर आया, जहां लोगों के चेहरों पर राहत दिखाई दी।
