बस में भीड़ भाड़ का फायदा उठाकर बैग से गहने-रुपए चोरी करने की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा घटना पाली जिले के तख्तगढ़ थाना क्षेत्र की है। रोडवेज बस में सवार महिला के बैग का ताला तोड़ चोर उसमें रखे गहने और रुपए तक चोरी कर ले गए। महिला को जब इसकी जानकारी हुई तो वह रोने लगी बोली कि लाखा पाली जिले के बींजा (रोहट) निवासी लीला कंवर पत्नी गोपाल सिंह राजपुरोहित साण्डेराव से जालोर जा रही बाड़मेर आगार की रोडवेज बस बैठी। तखतगढ़ स्थित स्वामी विवेकानंद बस स्टैंड पहुंची तो महिला ने अपना बैग चेक किया। बैग की चैन टूटी हुई मिली। बैग खंगाला तो उसमें रखे सोने के गहने और 30 हजार रुपए गायब मिले। यह देख महिला रोने लगी। इस पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मौके पर तखतगढ़ थाना पुलिस भी पहुंची। जिन्हें पीड़िता ने बताया कि बैग में ढाई तोला सोने की आढ़, एक तोले की सोने की रखड़ी, दो तोला सोने की चैन, अंगूठी, कान की बुटी, लूंग, बच्चों के चांदी के कड़े, पायल और 30 हजार रुपए थे। महिला ने बताया कि बलाना से पहले उतरे चार पुरुष यात्रियों में से किसी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट लेकर जांच शुरू की।
