अलवर शहर के सरकारी ऑफिस की एक महिला सफाई कर्मचारी ने उसी विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर पर धोखाधड़ी कर जेवर हड़पने और वापस देने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले में महिला ने कोतवाली थाने में 30 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है। रिपोर्ट के अनुसार, 2019 में पति की गंभीर बीमारी के इलाज के पैसों के लिए आरोपी ने महिला को गोल्ड लोन दिलाने का झांसा दिया। महिला ने आरोपी सहकर्मी पर भरोसा कर अपने गहने एक फाइनैंस बैंक में उसके कहे अनुसार गिरवी रखकर 20 हजार का लोन ले लिया था। शिकायत में बताया कि आरोपी हर महीने महिला के घर जाकर 300 रुपए नकद ब्याज के रूप में वसूलता रहा, जो मार्च 2025 तक चलता रहा। पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2025 में जब उसने अपने गहने वापस लेने की बात कही तो आरोपी ने 85 हजार रुपए जमा कराने की मांग की। शक होने पर महिला अपने परिचित के साथ संबंधित फाइनेंस कंपनी पहुंची, तो पता चला कि लोन पहले ही बंद हो चुका है और गहने निकाले जा चुके हैं। आरोप है कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर गहनों को अपने कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और कहा की मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओं तो गहने वापस कर सकता हूं जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।
