दौसा जिले में मौसम में बदलाव के साथ शनिवार सुबह जिला मुख्यालय, पापडदा, छारेडा और नांगल समेत कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बीती रात से घने बादल छाए हुए हैं और हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश और तेज हवा का दौर जारी रहेगा, जिससे मई के शुरुआती दो सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। कई इलाकों में हल्की बारिश शनिवार सुबह दौसा जिला मुख्यालय के साथ पापडदा, छारेडा, नांगल और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। रात से ही आसमान में घने बादल बने हुए हैं, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है और लोगों को धूप और गर्मी से राहत मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम 41 डिग्री रहने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आगे और गिर सकता है पारा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है। पहले दो सप्ताह राहत के आसार मौसम विभाग ने आंधी और बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मई के पहले दो सप्ताह में 10 से 12 दिन तक दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है। आमतौर पर मई में 5 से 6 दिन ही आंधी-बारिश होती है, लेकिन इस बार यह अवधि ज्यादा रह सकती है। इससे तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम रहने के आसार हैं।
