बालोतर पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बता कर एक महिला पर मिलने के लिए दबाव डालने वाले युवक को पकड़ा है। आरोपी सोशल मीडिया पर खाकी वर्दी पहनकर फोटो डालता था। पुलिस की फर्जी पहचान बनाकर रौब जमाता था। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पीड़ित महिला के परिजनों ने आरोपी को होटल से पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान भी आरोपी ने वर्दी पहनी हुई थी। इंस्टाग्राम पर बनाता था फर्जी पुलिस प्रोफाइल बालोतरा एएसपी हरफूल सिंह ने बताया- आरोपी इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कॉन्सटेबल महिपाल सिंह नाम से नकली पुलिस आईडी का इस्तेमाल करता था। वह युवतियों और महिलाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। जब कोई महिला रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर लेती, तो आरोपी बातचीत शुरू करता और खुद को पुलिस विभाग में तैनात बताता। इसके बाद वह भरोसा जीतकर दोस्ती बढ़ाता था। मिलने के लिए बुलाकर करता था ब्लैकमेल पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं को मिलने के बहाने होटल या अन्य जगहों पर बुलाता था। वहां पहुंचने के बाद वह उन्हें धमकाकर ब्लैकमेल करता और पैसों की मांग करता था। एक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे पुलिसकर्मी होने का डर दिखाता था। वह जबरन होटल में बुलाकर शराब पीने का दबाव बनाता और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। पीड़िता से 3.75 लाख रुपए ऐंठे डर और दबाव के चलते पीड़िता कई बार आरोपी से मिलने को मजबूर हुई। इस दौरान आरोपी लगातार पैसे मांगता रहा। पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपी को कुल 3 लाख 75 हजार रुपए दिए। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर दोबारा पैसे मांगने लगा। परिजनों ने होटल से पकड़ा, पुलिस को सौंपा आरोपी ने पीड़ित महिला को फिर से क्षेत्र के एक होटल में बुलाया। इस बार पीड़िता ने पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को जसोल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस जांच में जुटी, और भी मामलों की आशंका पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य महिलाओं या युवतियों को भी शिकार बनाया है या नहीं। जसोल थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स व मोबाइल डेटा की भी पड़ताल की जा रही है। —– ये भी पढ़ें- जयपुर में सीनियर IPS पर रेप का आरोप: महिला की शिकायत- शादी का झांसा दिया, अफसर बोले- ये सिर्फ षड्यंत्र जयपुर में एक आईपीएस अफसर पर महिला ने रेप का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि अफसर ने शादी करने का झांसा देकर जबरन सरकारी आवास पर बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। पूरी खबर पढ़ें…
