सलूम्बर में नाकाबंदी के दौरान जालोर जिले के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों ने नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस ने उनकी कार के टायर पंचर कर दोनों को पकड़ लिया। तस्करों की सफेद रंग की एसयूवी (SUV) कार की सीटों के नीचे और डिक्की में ठूंस-ठूंस कर प्लास्टिक के कट्टों में भरा 230 किलो अवैध डोडा चूरा भी बरामद किया गया है। कार्रवाई कूण थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह की। बता दें कि सलूम्बर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” अभियान चला रखा है, जिसके तहत कार्रवाई की गई। जालोर के रहने वाले हैं दोनों तस्कर कूण थानाधिकारी निलेश कुमार मीणा ने बताया कि तस्कर भजनलाल विश्नोई (27) निवासी भीनमाल (जालोर) और राम विश्नोई (32) बागोड़ा (जालोर) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने तस्करी ने इस खेल में शामिल कुछ और लोगों के नाम भी उगले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश में थे दोनों थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। एक सफेद रंग की कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने स्पीड में नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने कार को रोकने के लिए सड़क पर ‘स्टॉप स्टिक’ (कील वाली पट्टी) बिछा दी। इससे कार के टायर पंचर हो गए। इसके बाद दोनों तस्करों को पकड़ लिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि तस्करों ने कार की सीटों और डिक्की में ठूंस-ठूंस कर 12 प्लास्टिक के कट्टे भरे हुए थे। कट्टों में अवैध डोडा चूरा भरा था, जिसका वजन कुल 229 किलो 650 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी इस माल को लेकर कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर पाए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत माल और गाड़ी को जब्त किया। इनपुट – भेरूलाल आमेटा, लसाड़िया।
