अलवर शहर के काला कुआं सैटेलाइट हॉस्पिटल में महिला मरीज के पति ने गार्ड से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों से मारपीट की गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं एक अन्य मामले में दूसरे मरीज के परिजनों ने भी बदसलूकी की। घटना के विरोध में आज स्टाफ धरने पर बैठ गया। स्टाफ के काम ने करने मरीजों को परेशानी हो रही है। अरावली विहार थाना प्रभारी ने कहा कि सैटेलाइट हॉस्पिटल में मारपीट की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। मारपीट करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। हॉस्पिटल में गाली-गलौच करने से टोका था नर्सिंग ऑफिसर कपिल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम भाखेड़ा निवासी महिला बसमीना पत्नी इनस खान की नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। वह हॉस्पिटल परिसर में ही बेंच पर आकर बैठी थी। अचानक उसका पति आकर महिला से गाली-गलौज करने लगा। गार्ड ने उसे टोका कि हॉस्पिटल में महिला से गाली-गलौज मत करो। यहां सही नहीं है। हमारे सामने ऐसा नहीं होने देंगे। इतना कहने पर युवक ने गार्ड से हाथापाई कर दी। कुछ ही देर बार महिला के पति ने चार-पांच जनों को बुलाकर गार्ड और अन्य कर्मचारियों से मारपीट की। एक महिला सफाईकर्मी मोनिका और तकनीकी कर्मचारी जयप्रकाश से भी हाथापाई की गई। मामले में रात को पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस चौकी बनाने की मांग नर्सिंग ऑफिसर ने बताया कि शुक्रवार रात को किसी दूसरे मामले में अन्य मरीज के परिजनों ने भी बदसलूकी की है। हॉस्पिटल परिसर में सुरक्षा की जरूरत है। यहां पुलिस चौकी बनाई जानी चाहिए। इस मांग को लेकर पूरा स्टाफ विरोध-प्रदर्शन पर उतरा है। जिसके कारण अन्य मरीजों को भी परेशानी हो रही है। कैंसर के मरीज बोले- डेढ़ घंटे से लाइन में लगे है हॉस्पिटल में आए बोन कैंसर से पीड़ित मरीज मनोज कुमार ने कहा कि डेढ़ घंटे से लाइन में लगा हूं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। यहां किसी झगड़े के कारण स्टाफ काम नहीं कर रहा है। यहां कोई सुनवाई नहीं होती है। आए दिन परेशान होना पड़ता है।
