जैसलमेर जिले के सांगड़ थाना क्षेत्र के सांवता गांव में दो दिन से लापता एक बुजुर्ग के गहरे कुएं में गिरने की आशंका से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं, जबकि रेस्क्यू के लिए जोधपुर से SDRF टीम को बुलाया गया है। लापता बुजुर्ग की तलाश के बीच कुएं पर मिले कपड़े और चप्पल
सांगड़ थाना प्रभारी राजेश विश्नोई ने बताया कि सांवता निवासी बागाराम (55) पुत्र टीकूराम गर्ग पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। मंगलवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव के पास एक कुएं की मुंडेर पर बुजुर्ग के चप्पल और कपड़े पड़े हुए हैं, जिससे आशंका और गहरा गई कि वे कुएं में गिर गए हो सकते हैं। गहरे कुएं में रेस्क्यू में आई मुश्किलें, सिविल डिफेंस असफल
सूचना पर मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि कुएं में गैस होने की आशंका और अत्यधिक गहराई के कारण स्थानीय संसाधनों से रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। इसके बाद जोधपुर से SDRF टीम को तुरंत सूचना देकर बुलाया गया है। 200 फीट गहरा कुआं, 20 फीट तक भरा पानी
पुलिस के अनुसार संबंधित कुआं करीब 200 फीट गहरा है, जिसमें लगभग 20 फीट तक पानी भरा हुआ है। ऐसे हालात में विशेषज्ञ टीम की आवश्यकता को देखते हुए SDRF को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद ही कुएं के भीतर सघन तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा। गांव में मचा हड़कंप, मौके पर तैनात पुलिस बल
घटना के बाद से गांव में सन्नाटा और तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हैं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और देवीकोट चौकी का जाब्ता मौके पर तैनात किया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी तरह की बाधा न आए। SDRF टीम का इंतजार, परिजन चिंतित
फिलहाल सभी की निगाहें SDRF टीम पर टिकी हुई हैं, जो मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू करेगी। पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
