कोटा शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में अभी एक महीना और लगेगा। बसों के लिए सुभाष नगर में विकसित किए जा रहे ई-बस स्टॉप का काम अभी चल रहा है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। यहां एक साथ 100 ई-बसों को खड़ा करने के लिए प्लेटफॉर्म तैयार कर लिया गया है। बाकि काम चल रहा है जो 25 मई तक पूरा होने की उम्मीद है। मंगलवार को कलेक्टर पीयूष समारिया और निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बस स्टॉप का निरीक्षण किया और चल रहे कामों की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने बताया कि पहले अधिकांश काम 15 अप्रैल तक जबकि 30 अप्रैल तक पूरा काम करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद काम करने की गति में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि ई-बस स्टॉप का सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है। यहां प्रशासनिक भवन, पार्किंग सहित कई बुनियादी सुविधाएं तैयार कर ली गई हैं। वर्कशॉप और जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) का काम जारी है। अब वर्कशॉप और फिनिशिंग से जुड़े काम बाकी हैं। ओम प्रकाश मेहरा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से जून के पहले सप्ताह में बसे आने की उम्मीद है। पहले फेज में चालीस बसे मिलेगी। बसों के लिए रूट निर्धारित कर दिए गए हैं। साथ ही बसों के संचालन के लिए कर्मचारियों के लिए भी टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
