सीकर में दौलतपुरा स्टैंड पर खड़ी एक मिनी बस चोरी होने का मामला सामने आया है। बस ड्राइवर ने दादिया पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। मिनी बस दूजोद-कटराथल रूट पर सवारी में चलती थी। ड्राइवर दौतलपुरा बस स्टैंड पर बस खड़ी करके गांव गया था, अगले दिन आया तो बस गायब मिली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, कूदन निवासी बस ड्राइवर महावीर जाट ने बताया कि वह 3 मई को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बस को कटराथल गोदाम दौलतपुरा स्टैंड पर पार्क करने के बाद कूदन चला गया था। महावीर अगले दिन 4 मई को जब दोपहर करीब 12 बजे वापस दौलतपुरा स्टैंड पहुंचा, तो वहां से उसकी मिनी बस गायब थी। उसने बस स्टैंड के आस-पास मौजूद दुकानदारों, अन्य चालकों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। काफी देर तक आसपास के इलाके में बस की सघन तलाश भी की गई, लेकिन बस नहीं मिली। पूरी घटना के बाद उसने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दी। दादिया पुलिस ने मिनी बस चोरी के मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसकी जांच ASI रोहिताश्व कुमार को सौंपी गई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस कटराथल गोदाम और दौलतपुरा स्टैंड के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है, ताकि चोरों का रूट पता चल सके। हाईवे और आसपास के टोल नाकों पर भी बस के नंबर की सूचना भेजी गई है।
