पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में पिछले तीन दिन से एक 27 साल की युवती गलियारों में सो रही थी। पैसे नहीं थे तो चाय और पानी के सहारे तीन दिन गुजारे। भला हो हॉस्पिटल में लगे गार्ड का। जिसकी नजर इस युवती पर पड़ी तो पूछा तो उसने अपनी सारी दुख भरी कहानी बताई कि किसी तरह एक लड़के के प्यार में वह हैदराबाद से पाली 1550 KM दूर आई और वह उसे धोखा देकर छोड़ गया। फोन नंबर भी बदल दिए। गार्ड ने उसे सुरक्षित सखी सेंटर पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पहले पति ने छोड़ा तो पीहर रह रही थी
कहानी कुछ इस तरह की है कि हैदराबाद क्षेत्र की रहने वाली 27 साल की युवती का अपने पति से तलाक हो चुका है। वह अपनी मां के पास रहती थी और एक कम्पनी में मजदूरी का काम करती थी। जहां कई राजस्थानी लोग भी काम करते थे। ऐसे में उसने हिंदी बोलना सीख लिया। सोशल मीडिया से हुई दोस्ती
पाली के 30 साल के युवक से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया करीब दो साल पहले हुई। पहले मैसेज और फिर फोन कॉल होने लगे। दोनों साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे। युवक ने विश्वास दिलाया कि शादी कर दोनों अच्छी लाइफ जीएंगे। और 22 मार्च 2026 को युवती को हैदराबाद से ट्रेन में बिठाकर पाली लाया। 25 मार्च 2026 को जोधपुर जाकर दोनों आर्य समाज मंदिर में शादी की। नए ससुराल पहुंची तो मिला काली होने का कमेंट
आज से करीब सवा महीने पहले युवती जब पाली में अपने नए ससुराल पहुंची तो उसकी खुशियां गम में बदल गई। नए ससुराल में उसे काली होने का ताना मिला। युवती का आरोप है कि उसे पसंद नहीं करते थे। ऐसे में करीब चार-पांच दिन पहले युवक उसे कोर्ट में ले गया और कुछ कागजात पर यह कहकर साइन करवा लिए कि तुम्हारा यहां के दस्तावेज बनाने है। हिन्दी पढ़ना नहीं जानती युवती ने साइन भी कर लिए। 28 अप्रेल को बोला कि तुम्हारी मां से मिलवा कर लाता हूं और ट्रेन में बिठाकर फरार हो गया। उसने कई कॉल किए लेकिन फोन बंद मिला। जैसे तैसे कर वह वापस पाली आई। लेकिन ससुराल में उसे एंट्री नहीं मिली। इसलिए कोतवाली थाने में रिपोट दी। रहने का ठिकाना नहीं था तो हॉस्पिटल के गलियारों में सोना पड़ा। तीन रात हॉस्पिटल के गलियारों में गुजारी
रहने का ठिकाना नहीं होने के कारण युवती ने पाली के बांगड़ हॉस्पिटल के गलियारों में तीन राते बिताई। इस दौरान स्नान तक नहीं किया। रुपए नहीं होने के कारण चाय और पानी के सहारे तीन दिन गुजारे। बुधवार रात को युवती जब हॉस्पिटल केम्पस में घूम रही थी तो ड्यूटी पर तैनात गार्ड की नजर उस पर पड़ी। उसने पूछा तो रोते हुए महिला ने अपने साथ हुई घटना की सारी जानकारी दी। उसने बताया कि कोतवाली थाने में भी इसको लेकर उसने शिकायत दर्ज करवा रखी है। गार्ड ने सखी सेंटर पहुंचा
ऐसे में गार्ड ने उसे हॉस्पिटल परिसर में बने सखी सेंटर पहुंचाया। जहां उसकी पूरी जानकारी लेकर उसे ठहराया गया। कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
