डीडवाना में आगामी महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली ‘केसरिया विशाल वाहन रैली’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रैली के पोस्टर का विमोचन किया गया और विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। यह रैली 9 मई को सुबह 9 बजे रहमान गेट स्थित महाराणा प्रताप सर्किल से शुरू होगी। इसका आयोजन महाराणा प्रताप के शौर्य और पराक्रम को समर्पित है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ‘सर्व समाज’ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। वे पीले चावल बांटकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में वाहनों के साथ रैली में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में भरत सिंह कुंडली, लक्सा थानू, दलीप सिंह बेगसर, सूर्य प्रताप सिंह और अजय जोधा देवराठी सहित कई युवा और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया और आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आश्वासन दिया।
